लातेहार- बारिश में भरभरा कर गिरे तीन मजदूर परिवारों के कच्चे मकान

पीड़ित परिवारों के सामने रहने की समस्या, प्रशासन से आवास व सहायता की लगाई गुहार

बारियातू (लातेहार)

बरियातू प्रखंड क्षेत्र में पिछले कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण शुक्रवार को फुलसू और साल्वे पंचायत में तीन मजदूर परिवारों के मिट्टी-खपरैल मकान भरभरा कर गिर गए। हालांकि, घटना में तीनों परिवार के सदस्य बाल-बाल बच गए। मकान गिरने के बाद पीड़ित परिवारों के समक्ष रहने की समस्या उत्पन्न हो गई है।

फुलसू पंचायत के मुक्की गांव निवासी रजनी मसोमात, पति स्वर्गीय करम गंझू ने बताया कि शुक्रवार की रात परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। इसी दौरान आधी रात को अचानक मिट्टी का मकान भरभरा कर गिर गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह सभी लोग घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।

वहीं, साल्वे पंचायत के साल्वे जामा मस्जिद टोला निवासी जुबैदा खातून के घर का एक हिस्सा बारिश के कारण गिर गया। इसी पंचायत के अलखडीहा टोला निवासी दीपक उरांव, पिता स्वर्गीय श्याम उरांव का मिट्टी का कच्चा मकान भी बारिश के कारण भरभरा कर गिर गया। दोनों घटनाओं में परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित बच गए।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि मकान गिरने के बाद उनके सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकानों का जायजा लेकर सरकारी स्तर पर मिलने वाली सहायता उपलब्ध कराने तथा जल्द से जल्द आवास मुहैया कराने की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो प्रखंड उपाध्यक्ष लाल आशीष नाथ शाहदेव शनिवार सुबह फुलसू पहुंचे और पीड़ित रजनी मसोमात के घर का जायजा लिया। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकान का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन किया तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

इधर, साल्वे पंचायत के मुखिया राजीव भगत ने दोनों पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बात कर पीड़ित परिवारों को सरकारी स्तर पर मिलने वाली सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply