हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के डेमा टोला पउरा पर स्थित बटाने नदी के बेलघटी के समीप शनिवार को बिहार के औरंगाबाद से पिकनिक मनाने आए तीन युवक बटाने नदी में डूब गए। युवकों को डूबता देख आसपास के लोगों ने राजेंद्र साव (40वर्ष) को बाहर निकाल लिया । किंतु दो युवक अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। नदी से बाहर निकाला गया युवक बिहार के औरंगाबाद के टीकरी पर ,मिनी बिगहा का निवासी बताया जाता है । उसे बेहोशी की हालत में इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया । प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो सभी युवक नशे में धुत थे । इसी दौरान वे नदी में नहाने के लिए उतर गए । और साथ आए कुछ युवक मोबाइल से सेल्फी और वीडियो बनाने लगे । तभी वे नदी के धार में बहकर गहरे पानी में चले गए। साथ आए एक युवक ने बताया कि रितिक व टेनी नामक युवक नदी में लापता है। हालांकि स्थानीय लोगों के द्वारा काफी देर तक नदी में लापता दोनों युवक की काफी तलाश की गई किंतु सफलता नहीं मिली। सूचना के बाद थाना के एसआई अजय कुमार सिंह सदल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर लोगों से जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक लापता युवकों की तलाश जारी थी ।

