मेदिनीनगर (पलामू)
21 जून 2026 को होनेवाले राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG)-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में संबंधित अधिकारियों, दंडाधिकारियों एवं केंद्राधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में परीक्षा संचालन से संबंधित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, गोपनीयता एवं निष्पक्षता सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही के लिए शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाए। उन्होंने परीक्षा के मद्देनजर शहर के होटल, लॉज, धर्मशाला एवं अन्य ठहराव स्थलों में जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके।
उन्होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। साथ ही गर्मी एवं अन्य परिस्थितियों को देखते हुए परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।बैठक में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाएगी तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों एवं उसके आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों एवं अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया।
परीक्षा पूर्व संध्या पर डीसी-एसपी ने परीक्षा केंद्रों का लिया जायजा
परीक्षा के पूर्व संध्या पर शनिवार को उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने संयुक्त रूप से केजी स्कूल, जिला स्कूल, गिरिवर विद्यालय एवं योग सिंह नामधारी महिला महाविद्यालय सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, जैमर की उपलब्धता, कंट्रोल रूम की व्यवस्था, वीडियोग्राफी की तैयारी, प्रश्नपत्र एवं परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रख-रखाव, प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा घेरा, बैरिकेडिंग तथा अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रत्येक कक्ष में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था एवं पंखों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।बैठक एवं निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, संबंधित दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

