बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड के सरईडीह स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर का तीन दिवसीय स्थापना दिवस समारोह सह वार्षिकोत्सव शनिवार को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के वातावरण में शुरू हो गया। समारोह का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया। वार्षिकोत्सव के उद्घाटन अवसर पर क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मंदिर परिसर पहुंचने पर आयोजन समिति एवं ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। विधायक ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में भाईचारा, सामाजिक एकता और आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
कलश यात्रा में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में भक्ति गीतों और जयकारों के साथ मंदिर परिसर पहुंचे। पूरे मार्ग में “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है, जिससे आयोजन की भव्यता और बढ़ गई है।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि वार्षिकोत्सव के दौरान विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 21 जून को विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन होगा, जिसमें दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु भी भाग लेंगे। वहीं 22 जून को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा। इसी दिन संध्या में रामभक्ति जागरण कार्यक्रम का भी आयोजन होगा, जिसमें भजन-कीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।वार्षिकोत्सव को लेकर आयोजन समिति ने सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली थीं। सुरक्षा, पेयजल, प्रकाश और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। तीन दिवसीय इस धार्मिक आयोजन को लेकर पूरे सरईडीह एवं आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार मंदिर पहुंच रही है।

