नावाबाजार (पलामू)
पलामू जिला के नावा बाजार प्रखंड के सोहदाग पंचायत स्थित सोहदाग खुर्द गांव में कल्याण विभाग की योजना के तहत बन रही कब्रिस्तान की चारदीवारी को लेकर गंभीर अनियमितता और फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। इस संबंध में सोहदाग गांव निवासी जफराज आलम ने उपायुक्त पलामू को लिखित शिकायत देकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।
शिकायतकर्ता जफराज आलम का आरोप है कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा किसी अन्य स्थान का चेकस्लीप तैयार कर स्थल परिवर्तन करते हुए सोहदाग खुर्द में कब्रिस्तान की चारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा है। उनका कहना है कि यह पूरी प्रक्रिया नियमों के विरुद्ध है और सरकारी योजनाओं के नाम पर खुलेआम फर्जीवाड़ा किया जा रहा है।
शिकायत में यह भी बताया गया है कि सोहदाग खुर्द गांव में पहले से हीं दोनों कब्रिस्तानों की चारदीवारी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और गांव में अन्य कोई कब्रिस्तान मौजूद नहीं है। इसके बावजूद फर्जी कागजात तैयार कर पुनः चारदीवारी निर्माण कराया जाना कई सवाल खड़े करता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जब इस अनियमितता का विरोध किया गया तो पंचायत के मुखिया और विभागीय कनीय अभियंता (जेई) पप्पू कुमार ने कथित तौर पर गैर-जिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए कहा कि जहां जाना है जाइए, कोई कुछ नहीं कर पाएगा। इस कथित बयान के बाद ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया है।
शिकायतकर्ता जफराज आलम ने उपायुक्त से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाएं तो इसमें शामिल दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल गांव में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज है और ग्रामीण प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

