मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 को लेकर एसडीओ ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक

बीएलए की नियुक्ति,मतदाता सूची के संशोधन और पारदर्शिता बढ़ाने पर हुई चर्चा

मेदिनीनगर (पलामू)

मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का रोल अहम:एसडीओ

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 के मद्देनज़र शुक्रवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी सुलोचना मीणा ने अपने कार्यालय कक्ष में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की।बैठक में मतदाता सूची के निर्माण,संशोधन तथा इसकी पारदर्शिता और विश्वसनीयता बढ़ाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गये।बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची की तैयारी और संशोधन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को बीएलए नियुक्त करने की सुविधा प्रदान की गयी है।बीएलए,मतदान केंद्रों पर कार्यरत बीएलओ को सहयोग प्रदान करते हुए पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने,विलोपित कराने,संशोधन तथा नाम स्थानांतरण से संबंधित कार्यों में सहायता करेंगे।राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा गया कि वे अपने अध्यक्ष,सचिव अथवा किसी अधिकृत पदाधिकारी के माध्यम से जिला प्रतिनिधि को अधिकृत करते हुए ऑथोराईजेशन फॉर्म ( बीएलए1)के जरिए बीएलए की नियुक्ति करें।यह प्रपत्र जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को जमा करना होगा।इसके अलावा अधिकृत जिला प्रतिनिधि द्वारा Form ID: BLA-2 के माध्यम से मतदान केंद्रवार बीएलए की नियुक्ति की जाएगी।नियुक्त बीएलए संबंधित मतदान केंद्र के बीएलओ से संपर्क स्थापित कर मतदाता सूची के भागों की प्रतियां प्राप्त कर सकेंगे और सूची की जांच में सहयोग करेंगे।बैठक में बताया गया कि बीएलए के रूप में नियुक्त व्यक्ति का संबंधित मतदान केंद्र की मतदाता सूची में मतदाता के रूप में पंजीकृत होना आवश्यक है,ताकि वह क्षेत्र की मतदाता सूची की जांच करते हुए मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं की पहचान कर सके।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि बीएलए नियुक्त होने के बाद आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करेंगे तथा पुनरीक्षण अवधि, गैर-पुनरीक्षण अवधि और विशेष अभियान दिवसों के दौरान मतदाता सूची से संबंधित कार्यों के निष्पादन में बीएलओ को आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से मतदाता सूची को शुद्ध और त्रुटिरहित बनाने में सक्रिय सहयोग की अपील की।इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply