चैनपुर में निकली भव्य रथ यात्रा,जय जगन्नाथ के उद्घोष से गुंजायमान रहा क्षेत्र

रथों को खींचने के लिए उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

चैनपुर (पलामू)

गुरूवार को चैनपुर में भव्य रथ यात्रा निकाली गई. रथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखा गया .यह रथ यात्रा चैनपुर के राजगढ़ मंदिर से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा आस्था,श्रद्धा व हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। इसमें जय जगन्नाथ के गगनभेदी उद्घोष के साथ हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। भगवान जगन्नाथ, भाई बलभद्र व बहन सुभद्रा की रथों को खींचने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। रथयात्रा को ले दिन में तीसरे पहर वैदिक मंत्रोचार के बीच पूजा अर्चना के साथ फूलों से सुसज्जित लकड़ी के रथों पर भगवान जगन्नाथ, भाई बलदेव व बहन सुभद्रा को आरूढ़ कराया गया। मंदिर के पुजारी पं मनोज कुमार मिश्र व संतोष पाठक ने पूजन कार्य कराए । इसके बाद चैनपुर राजपरिवार के टिकैत विश्वदेव्य नारायण सिंह, युवराज कुमार विवेक भवानी सिंह,बलदेव नारायण सिंह, विक्रम भवानी सिंह, सुनील सिंह, विकास सिंह आदि ने रथों को खींचकर रथ यात्रा प्रारंभ की। चैनपुर राजगढ़ परिसर स्थित भगवान जगन्नाथ के मंदिर से निकली रथ यात्रा में जयकारे के साथ क्षेत्र गुंजायमान होता रहा। रास्ते भर हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन किए, पूजा अर्चना की, आरती उतारी व प्रसाद अर्पण किया। रथ यात्रा में कीर्तन मंडली भजन- गायन करते चल रही थी। साथ ही जय जगन्नाथ का उद्घोष लगाया जा रहा था। रथ यात्रा चैनपुर बाजार, महावीर मंदिर चौक, अस्पताल चौक होते चैनपुर से करीब दो किलोमीटर दूर कृष्ण दह नदी तट स्थित मौसीबाड़ी पहुंची। यहां भगवान की पूजा अर्चना की गई। वहां भगवान 3 दिन विश्राम के बाद वापस लौटेंगे। रथ यात्रा में स्थानीय समेत दूर दराज के हजारों श्रद्धालुओं ने पहुंचकर भगवान जगन्नाथ की पूजा अर्चना की एवं सुख समृद्धि का वरदान मांगा।

Leave a Reply