हरिहरगंज (पलामू )
पिपरा थाना क्षेत्र के पोलदा गांव में बुधवार की देर शाम एक नवविवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थिति में कमरे में पंखे से लटका मिला। मृतका की पहचान 19 वर्षीय काजल कुमारी पति अभिषेक पासवान के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया। सीमावर्ती बिहार के औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत धनीबार गांव निवासी मृतका के पिता मिंटू पासवान ने बताया कि उनकी बेटी काजल की शादी इसी वर्ष 25 मार्च 2026 को संजय पासवान के पुत्र अभिषेक पासवान के साथ हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही पति अभिषेक पासवान सास प्रेमनी देवी देवर अक्षय कुमार दहेज की मांग को लेकर काजल को प्रताड़ित करते थे और अक्सर मारपीट की जाती थी। इस संबंध में पिपरा थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि नवविवाहिता का छत के पंखे में फंदे से लटका शव बंद कमरे से बरामद हुआ है। मायके पक्ष ने पति, सास और देवर पर दहेज की मांग को लेकर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस कांड संख्या 37/26 दर्ज कर अनुसंधान में जुट गई है।

