मेदिनीनगर (पलामू)
जिले के प्रमुख उत्पादों की पहचान,विकास एवं निर्यात को बढ़ावा देने के लिए जिला एक्शन प्लान तैयार करने पर हुई चर्चा
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में शुक्रवार को उनके कार्यालय कक्ष में जिला स्तरीय निर्यात संवर्धन समिति (DLEPC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड एक्सपोर्ट पॉलिसी-2023 के अनुरूप पलामू को District Export Hub के रूप में विकसित करने तथा जिले के निर्यात को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में जिले के प्रमुख उत्पादों की पहचान करने, उनके उत्पादन एवं विकास की संभावनाओं का आकलन करने तथा स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने पर चर्चा की गयी। इसके साथ ही जिले के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने और निर्यात की संभावनाओं को साकार करने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर बल दिया गया।
उपायुक्त श्री शेखावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के उत्पादों की संभावनाओं के अनुरूप जिला एक्शन प्लान तैयार करने पर भी विचार किया गया। इस योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने, उनकी बाजार तक पहुंच बेहतर बनाने तथा निर्यात गतिविधियों को गति देने की दिशा में कार्य करने पर चर्चा हुई।।बैठक में उद्योग विभाग के महाप्रबंधक रघुवर सिंह, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM), अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

