हरिहरगंज (पलामू)
पिपरा थाना क्षेत्र के होलेया गांव स्थित प्रिंस ईंट भट्ठे के नजदीक आहर से रविवार को करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार आहर के पानी से दुर्गंध उठने पर स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव को आहर के पानी से बाहर निकाला। इस संबंध में थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत होता है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि शव की पहचान के लिए पुलिस तत्परता से प्रयास में जुटी हुई है । पहचान के लिए 72 घंटे तक शवगृह में शव को सुरक्षित रखा जाएगा। वहीं पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच -पड़ताल कर रही है।

