अखंड सौभाग्य के लिए महिलाओं ने रखा निर्जला हरितालिका तीज व्रत

बारियातू (लातेहार)

बारियातू प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीराम जानकी मंदिर परिसर में रविवार को सुहागिन महिलाओं ने पति की दीर्घायु, अखंड सौभाग्य एवं परिवार की सुख-समृद्धि की कामना को लेकर श्रद्धापूर्वक निर्जला हरितालिका तीज व्रत रखा। व्रती महिलाओं ने पूरे दिन अन्न-जल ग्रहण किए बिना भगवान शिव, माता पार्वती एवं भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। सुबह से ही मंदिर परिसर में महिलाओं की भीड़ जुटी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रीराम जानकी मंदिर के पुजारी पुरुषोत्तम शर्मा एवं पंडित जनार्दन पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से तीज व्रत की पूजा-अर्चना कराई। इस दौरान महिलाओं ने तीज व्रत की कथा का श्रवण किया तथा भगवान शिव-पार्वती से अपने सुहाग की लंबी आयु और परिवार की खुशहाली की कामना की।
पंडित जनार्दन पांडेय ने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में प्राप्त करने के लिए कठोर तप करते हुए निर्जला हरितालिका तीज व्रत रखा था। तभी से सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु एवं सुख-शांति के लिए यह व्रत करती आ रही हैं। पूजा के दौरान भक्ति गीतों एवं मंत्रोच्चार से मंदिर परिसर गूंजता रहा। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कर परिवार के लिए मंगलकामना की।

Leave a Reply