सबकी सहभागिता से ही कुष्ठ रोग मुक्त होगा पलामू :डीसी
मेदिनीनगर (पलामू)
उपायुक्त-सह -जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में गुरुवार को स्पर्श कुष्ठ जागरूकता टास्क फोर्स की बैठक कलेक्ट्रेट के ब्लॉक ए के सभाकक्ष में संपन्न हुई।बैठक में उपायुक्त ने कुष्ठ रोग से संबंधित मरीजों की जानकारी ली।वहीं कुष्ठ रोग से पीड़ित मरीजों को दी जा रही सुविधाओं से अवगत हुई।इसके अलावा उन्होंने जिले में चिन्हित कुष्ठ रोग पीड़ितों को संबंधित सहिया से घर-घर जाकर दवा खिलाए जाने की बात कही।इसके लिए उन्होंने सी एस को निर्देशित किया।उन्होंने जिले में लोगो को कुष्ठ रोग मुक्त बनाने के लिए 30 जनवरी से 14 फ़रवरी तक स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान व्यापक रूप से चलाने की बात कही।इस अभियान को सफल बनाने हेतु उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को कई दिशा निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि यह अभियान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को समर्पित अभियान है।
लोगों को दी जाएगी जानकारी
जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ.एस के रवि ने बताया कि सुन्न दाग धब्बों का ज्ञान ही कुष्ठ रोग की पहचान है।इस अभियान में कुष्ठ रोग के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए दीवार लेखन,नुक्कड़ नाटक,क्विज प्रतियोगिता, जनसंदेश,पम्पलेट्स इत्यादि के द्वारा लोगों को जागरूक किया जाएगा।
डॉ. रवि ने बताया कि 30 जनवरी का दिन स्पर्श डे के रूप में मनाया जाएगा,जिसमें जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में कुष्ठ जागरुकता के लिए जिला दण्डाधिकारी का संदेश पढ़ा जाएगा और सभी ग्राम सभाओं में ग्राम प्रधानों का संदेश उनके द्वारा पढ़ कर लोगों को सुनाया जाएगा।
सभी स्कूलों में चलेगा जागरूकता अभियान
स्पर्श कुष्ठ जागरूकता अभियान के दौरान ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के सभी सरकारी स्कूल में प्राचार्य द्वारा अपने संस्थानों में कुष्ठ रोग से संबन्धित आम सवाल जवाब व भ्रांतियों पर चर्चा की जाएगी।उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षकों के जरिये बच्चों के बीच कुष्ठ से संबंधित जागरूकता अभियान चलाया जाना है।इस अवसर पर जिप अध्यक्ष प्रतिमा कुमारी सिविल सर्जन डॉ अनिल,जिला शिक्षा पदाधिकारी,जिला समाज कल्याण पदाधिकारी,कुष्ठ रोग निवारण पदाधिकारी समेत अन्य मौजूद रहे।

