बरवाडीह(लातेहार)
पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर बरवाडीह थाना प्रभारी अनुराग कुमार अपने दल-बल के साथ पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहे हैं। नए साल के आगमन और पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। पर्यटक स्थल बेतला नेशनल पार्क, केचकी संगम तट, कमलदह झील, पलामू किला समेत अन्य प्रसिद्ध स्थलों पर पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। इन स्थलों पर आने-जाने वाले पर्यटकों की आवाजाही पर निगरानी रखी जा रही है, वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस टीम पर्यटकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रही है। थाना प्रभारी अनुराग कुमार ने बताया कि पर्यटकों की सुरक्षा पुलिस की पहली प्राथमिकता है। किसी भी तरह की अव्यवस्था, हुड़दंग या असामाजिक तत्वों की गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, सुरक्षित स्थानों पर ही भ्रमण करें और किसी भी परेशानी की स्थिति में नजदीकी पुलिसकर्मी या थाना से तुरंत संपर्क करें।
पुलिस की सक्रियता से क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की है। उम्मीद की जा रही है कि सख्त सुरक्षा व्यवस्था के कारण बरवाडीह क्षेत्र के पर्यटन स्थलों पर पर्यटक निडर होकर प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक धरोहरों का आनंद उठा सकेंगे।इस दौरान सब इंस्पेक्टर श्याम नारायण ओझा सहित पुलिस बल के जवान शामिल थे।

