हरिहरगंज (पलामू)
शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर भी हरिहरगंज प्रखंड क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बदहाल बनी हुई है। घंटों तक हो रही अघोषित कटौती ने आम जनजीवन के साथ पूजा-अनुष्ठान को भी प्रभावित कर दिया है। बिजली गुल रहने से मंदिर और पूजा पंडालों में अंधेरा पसरा रहता है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक दिन-रात बिजली की आंखमिचौली से लोग त्रस्त हैं। शाम होते ही जब मंदिरों और पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है तभी बिजली गायब हो जाती है। इससे दर्शन-पूजन के लिए पहुंची महिलाओं और बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है। स्थानीय व्यवसायियों के अनुसार लचर विद्युत आपूर्ति के कारण कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। हालांकि हरिहरगंज में बिजली की लचर व्यवस्था की समस्या बहुत पुरानी है । लेकिन त्योहार में भी आपूर्ति सही नहीं होना लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। बताया जाता है कि नवरात्र शुरू होने से पूर्व दुर्गा पूजा को लेकर हुई शांति समिति की बैठक में पूजा समितियों ने अधिकारियों से त्योहार में निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की थी। आश्वासन के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे बिजली उपभोक्ता संघ में भारी आक्रोश है। संघ ने विभाग से अविलंब आपूर्ति में सुधार की मांग की है।

