बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह में अंचलाधिकारी के कथित महिलाओ और पुरुषों का अपमान जनक व्यवहार के विरोध में शुक्रवार को सैकड़ों महिलाओं ने समाजसेवी श्यामली शर्मा के नेतृत्व में एक विशाल जुलूस निकला जो शहर के मुख्य मार्ग मार्ग होते अंबेडकर चौक पहुंचा जहा बरवाडीह सीओ का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा संबंधित अधिकारी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अंचलाधिकारी के व्यवहार को लेकर लंबे समय से महिलाओं एवं आम लोगों में नाराजगी व्याप्त है। उनका कहना था कि कई अवसरों पर महिलाओं के साथ सम्मान जनक व्यवहार नहीं किया गया, जिससे प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास प्रभावित हुआ है। महिलाओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक, विशेषकर महिलाओं की गरिमा और सम्मान की रक्षा करना लोकसेवकों का दायित्व है।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहीं समाजसेवी श्यामली शर्मा ने कहा कि यह प्रदर्शन महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में अंचल कार्यालय के घेराव के दौरान उन्हें व्यक्तिगत रूप से निशाना बनाया गया और उनके प्रति अपमानजनक टिप्पणियां की गईं। उन्होंने कहा कि महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
श्यामली शर्मा ने कहा कि यदि जनता की आवाज उठाना राजनीति माना जाता है, तो वह आगे भी लोगों के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेंगी। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी के कारण यह प्रदर्शन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।

