मेदिनीनगर (पलामू)
उपायुक्त के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी प्रमोद कुमार दास के नेतृत्व में बुधवार को जिले के चियांकी क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गांधीगिरी के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले एवं ट्रिपल राइडिंग करने वाले वाहन चालकों को माला पहनाकर सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। वहीं हेलमेट पहनकर यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को गुलाब फूल देकर सम्मानित किया गया।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने अभियान के दौरान लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवर स्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव सहित अन्य यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है। हेलमेट केवल चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा के लिए जरूरी है।
उन्होंने बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि आज उन्हें माला पहनाकर यह एहसास कराया जा रहा है कि यातायात नियमों की अनदेखी कितनी खतरनाक हो सकती है। यदि समय रहते लोग सावधान नहीं हुए तो दुर्घटनाओं में जान जाने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए सभी लोग सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें।अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गयी।जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला परिवहन पदाधिकारी, यातायात प्रभारी, मोटरयान निरीक्षक, सड़क सुरक्षा पलामू के कर्मी एवं ट्रैफिक पुलिस के जवान उपस्थित थे।

