हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के ढाब कला गांव निवासी योगेन्द्र पासवान के 27 वर्षीय पुत्र आशीष पासवान की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना शनिवार की देर शाम एनएच 98 फोरलेन सड़क पर ढाब- खड़गपुर गांव के मोड़ के समीप की है । बताया जाता है कि मृतक आशीष पासवान कौवाखोह टोल प्लाजा पर कार्य करता था। ड्यूटी समाप्त कर वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। तभी ढाब में खड़गपुर गांव के मोड़ के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया । जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उसे सीएचसी ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इस दौरान सदर अस्पताल औरंगाबाद ले जाने के क्रम में रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। रविवार को हरिहरगंज थाना पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को अंत्यपरीक्षण के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया। घटना के बाद स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस अग्रेत्तर कार्रवाई कर रही है।

