बरवाडीह (लातेहार)
बरवाडीह प्रखंड अंतर्गत छेंचा पंचायत में बढ़ती ठंड को देखते हुए रविवार को बीडीओ रेशमा रेखा मिंज के द्वारा वार्ड संख्या 07 में जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इस दौरान ठंड से बचाव के लिए दर्जनों गरीब एवं असहाय लोगों, विशेषकर बुजुर्ग पुरुषों व महिलाओं, के बीच कंबल का वितरण किया गया। कंबल वितरण के दौरान वार्ड संख्या–7 के वार्ड सदस्य सह पत्रकार तस्लीम खान भी मौके पर मौजूद थे। मौके पर बीडीओ रेशमा रेखा मिंज ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद करना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। ऐसे मानवीय प्रयासों से जरूरतमंदों को बड़ी राहत मिलती है। वहीं वार्ड सदस्य तस्लीम खान ने कहा कि लगातार गिरते तापमान के कारण गरीब व असहाय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन द्वारा किए जा रहे इस सराहनीय कार्य के लिए बीडीओ का आभार व्यक्त किया। मौके तरुण कुमार, अरुण कुमार,कालिम खान, समीम खान, सकुर खान ,चीनू राम समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे ।

