पिपरा में कंबल को लेकर बवाल, बीडीओ की गाड़ी रोकी, सड़क पर हंगामा

हरिहरगंज (पलामू)

पिपरा प्रखंड में कंबल वितरण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पंचायत जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) एवं कर्मचारियों पर कंबल की चोरी का आरोप लगाते हुए उनकी गाड़ी को सड़क पर रोक दिया। यह हंगामा छतरपुर थाना क्षेत्र के दिनादाग मोड़ के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-98 पर हुआ, जहां काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार, पिपरा प्रखंड विकास पदाधिकारी अपनी सरकारी गाड़ी से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि बीडीओ सरकारी कंबल चोरी कर बाहर ले जा रहे हैं। इसी दौरान प्रखंड में तैनात एक अन्य कर्मचारी की बाइक को भी रोका गया, जिसके पास दो कंबल पाए गए। वहीं बीडीओ की गाड़ी से 10 कंबल बरामद किए गए। आरोपों से आक्रोशित ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने बीडीओ की गाड़ी की चाबी भी छीन ली। स्थिति बिगड़ती देख छतरपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और हस्तक्षेप कर मामले को शांत कराया। पुलिस के समझाने के बाद बीडीओ की गाड़ी की चाबी वापस कर दी गई। पिपरा के प्रखंड प्रमुख विक्रांत सिंह यादव उर्फ गुड्डू यादव ने कहा कि बीडीओ पहले भी 10 कंबल लेकर जा चुके थे, जबकि जरूरतमंद लगातार कंबल की मांग कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि छुट्टी के दिन बीडीओ कंबल लेकर प्रखंड क्षेत्र से बाहर जा रहे थे, जो संदेहास्पद है। यदि कंबल वितरण के लिए थे तो प्रखंड क्षेत्र में ही गाड़ी रोकी जा सकती थी, लेकिन जानबूझकर छतरपुर क्षेत्र में ले जाकर उन्हें बाहर ले जाने की कोशिश की गई।
उन्होंने यह भी बताया कि कार्रवाई के दौरान एक कर्मचारी भी मौके पर पहुंचा था, जिसके पास कंबल मौजूद थे, जिससे पूरे मामले पर सवाल और गहरे हो गए हैं। इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी विनय कुमार ने आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने कहा कि प्रखंड को कुल 800 कंबल उपलब्ध कराए गए थे, जिनमें से करीब 700 का वितरण पहले ही किया जा चुका है। उनकी गाड़ी में हर समय कुछ कंबल रहते हैं ताकि जरूरतमंदों को तुरंत दिया जा सके। छुट्टी के दिन वह बस पकड़ने के लिए छतरपुर जा रहे थे, इसी दौरान उनकी गाड़ी को रोक दिया गया और चाबी छीन ली गई। उन्होंने कहा कि पूरे मामले के कानूनी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है। काफी देर तक रहा तनाव
जहां बीडीओ की गाड़ी रोकी गई, वहां काफी देर तक हंगामा चलता रहा। सड़क पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए थे । पुलिस के पहुंचने और हस्तक्षेप के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।

Leave a Reply