मां दुर्गा शक्ति और भक्ति की प्रतीक – कमलेश

हरिहरगंज (पलामू)

मेन बाजार दुर्गा पूजा नवयुवक सांस्कृतिक समिति के तत्वावधान में बुधवार की रात्रि रासलीला कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश कुमार यादव ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मां दुर्गा शक्ति और भक्ति की प्रतीक हैं। उनकी आराधना से मन को शांति और समाज को नई दिशा मिलती है। इस तरह के सांस्कृतिक एवं धार्मिक आयोजनों से समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना प्रबल होती है। उन्होंने आयोजन समिति के कार्यों की सराहना की। रासलीला में वृंदावन से आए कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का मनमोहक मंचन कर उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम का आनंद लेते रहे।
मौके पर आयोजन समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश अकेला, सचिव विकास विश्वकर्मा, बीनू जायसवाल, ज्ञान प्रकाश, संतोष प्रजापति, अनिल शौंडिक ,सतेन्द्र पासवान,सरोज यादव,प्रदीप चौधरी, मुन्ना यादव,संजीत पासवान सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply