हरिहरगंज में दो अलग-अलग सड़क हादसे में बाइक सवार एक की मौत, तीन गंभीर

हरिहरगंज (पलामू)

हरिहरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना थाना क्षेत्र के बनसप्ती गांव के समीप घटी। जहां आरईओ रोड पर तेज रफ्तार बाइक के अनियंत्रित हो जाने से उस पर सवार थाना क्षेत्र के गिद्दी गांव निवासी ओमप्रकाश भुईंयां (35) व दीपक कुमार (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं दूसरी घटना मुख्य मार्ग पर तेंदुआ के समीप हुई। बाइक व ऑटो की टक्कर में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान सीमावर्ती बिहार के सेवा बिगहा गांव निवासी कुंदन सिंह (30) तथा धर्मेंद्र कुमार (22) के रूप में हुई है।आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। जहां ऑन ड्यूटी मौजूद प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोपाल प्रसाद, डॉ. अरविंद दास व डॉ. सुनिल कुमार ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। जहां औरंगाबाद सदर अस्पताल में इलाज के दौरान ओमप्रकाश भुईंयां की मौत हो गई। घटना की सूचना के बाद पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।

Leave a Reply