मेदिनीनगर (पलामू)
डीसी की अध्यक्षता में जून तिमाही 2026 की जिला स्तरीय समीक्षा समिति सह परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित
विभिन्न बिमा क्लेम के लाभुकों को भी सौंपा गया चेक
जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जून तिमाही 2026 की जिला स्तरीय समीक्षा समिति सह परामर्शदात्री समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न बैंकों के कार्यों एवं केंद्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान उपायुक्त श्री शेखावत ने वार्षिक साख योजना, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), कृषि ऋण, साख-जमा अनुपात, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री मुद्रा ऋण योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, झारखंड राज्य कृषि ऋण माफी योजना एवं राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित अन्य योजनाओं की उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित बैंकों से निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध हासिल उपलब्धियों की समीक्षा की।
वार्षिक साख योजना के तहत 1,13,692.22 लाख रुपये के ऋण का वितरण
वित्तीय वर्ष 2026-27 की जून तिमाही तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, वार्षिक साख योजना के अंतर्गत जिले में 43,306 खातों के माध्यम से 1,13,692.22 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए हैं। इसके तहत निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध खातों की संख्या के आधार पर 35.54 प्रतिशत तथा ऋण राशि के आधार पर 34.72 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई।
कृषि क्षेत्र में 29,597 खातों के माध्यम से 35,772.43 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया। वहीं, एमएसएमई क्षेत्र में 3,716 खातों के माध्यम से 47,373.94 लाख रुपये के ऋण का वितरण किया गया।
मुद्रा ऋण योजना के तहत 9,353 लाभुकों को मिला लाभ
प्रधानमंत्री मुद्रा ऋण योजना के तहत जून 2026 तक जिले के विभिन्न बैंकों द्वारा 9,353 लाभुकों के बीच कुल 13,476.20 लाख रुपये के ऋण वितरित किए गए। यह योजना छोटे कारोबारियों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
किसान क्रेडिट कार्ड एवं महिला स्वयं सहायता समूहों की प्रगति
किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 38,482 के लक्ष्य के विरुद्ध जून 2026 तक 13,229 लाभुकों को कुल 12,711.91 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया।
वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जिले के विभिन्न बैंकों द्वारा जून तिमाही तक 749 महिला स्वयं सहायता समूहों को कुल 906.14 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध करायी गयी।
साख-जमा अनुपात की उपलब्धि 40.57 प्रतिशत
बैठक में बैंकों के साख-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) की भी समीक्षा की गई। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 तिमाही तक जिले के सभी बैंकों का औसत साख-जमा अनुपात 40.57 प्रतिशत रहा। उपायुक्त ने विभिन्न क्षेत्रों में निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध प्राप्त उपलब्धियों की जानकारी लेते हुए योजनाओं की प्रगति पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के अंतर्गत लाभुकों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपलब्ध विवरण के अनुसार, जून 2026 तक प्रधानमंत्री जनधन योजना के अंतर्गत 14,19,836 खाते, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के अंतर्गत 7,73,650, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के अंतर्गत 3,19,183 तथा अटल पेंशन योजना के अंतर्गत 1,57,252 का आंकड़ा दर्ज किया गया है।
बैठक में प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना, झारखंड राज्य कृषि ऋण माफी योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित बैंकों एवं विभागों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभुकों तक ऋण एवं योजनाओं का लाभ पहुंचाने की दिशा में समन्वित प्रयास करने पर बल दिया।इस अवसर पर पलामू एवं चतरा सांसद प्रतिनिधि, हुसैनाबाद विधायक प्रतिनिधि,आरबीआई के प्रतिनिधि,एलडीएम समेत विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

