ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की कार्रवाई, टेंपो, मोबाइल और 1,850 रुपये नकद जब्त
हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 18 किलो 470 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है । पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे टेंपो समेत मोबाइल और 1,850 रुपये नकद भी जब्त किए हैं । पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि सोमवार की सुबह गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली कि भगत तेंदुआ गेट के समीप मुख्य मार्ग से गांजा की तस्करी होने वाली है । सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर निगरानी शुरू कर दी । इसी दौरान कटैया की ओर से आ रहे टेंपो (बीआर 26 पीए 9686) को रोककर तलाशी ली गई । तलाशी के दौरान भूरे रंग के रैपर में लिपटे करीब 18 पैकेट गांजा बरामद हुए । जांच किट से जांच करने पर गांजा होने की पुष्टि हुई । जिसके बाद पुलिस ने उसे जब्त कर लिया । गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कुरहत कटैया निवासी मोo नईम (52), पिता मो. कासिम के रूप में हुयी है । इस मामले में हरिहरगंज थाना कांड संख्या 167/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है । पुलिस ने आरोपी को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में मेदिनीनगर जेल भेज दिया । कार्रवाई के दौरान गांजा के अलावा एक टेंपो, काले रंग का कीपैड मोबाइल और 1,850 रुपये नकद जब्त किए गए । छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार के साथ ही पुलिस अवर निरीक्षक संतोष कुमार, कुमार सौरभ, सहायक अवर निरीक्षक मोo जावेद व सशस्त्र बल के जवान शामिल थे ।

