आयुष पद्धति एवं योगाभ्यास से स्वस्थ समाज का निर्माण संभव :उपायुक्त

मेदिनीनगर (पलामू)

आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों एवं योग प्रशिक्षकों के लिए उन्मुखीकरण सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने, आयुष पद्धति के प्रति लोगों को जागरूक करने तथा योगाभ्यास को जनजीवन का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से सोमवार को आईएमए भवन में आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (सीएचओ) एवं योग प्रशिक्षकों के लिए उन्मुखीकरण सह प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त श्री दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि आयुष पद्धति एवं योगाभ्यास के माध्यम से सामुदायिक स्तर पर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ एक स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। नियमित योगाभ्यास, संतुलित जीवनशैली और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता के माध्यम से गैर-संचारी रोगों (नॉन-कम्युनिकेबल डिजीज) के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण सहायता मिल सकती है।

उन्होंने कहा कि जिले में स्वास्थ्य कर्मियों एवं चिकित्सकों की कमी एक चुनौती है। इसके बावजूद उपलब्ध मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों एवं योग प्रशिक्षकों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सामुदायिक स्तर पर लोगों को जागरूक करने, नियमित योगाभ्यास के प्रति प्रोत्साहित करने तथा निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने पर बल दिया।श्री शेखावत ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में केवल उपचार ही नहीं, बल्कि रोगों की रोकथाम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति लोगों को जागरूक करना भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस दिशा में आयुष सीएचओ एवं योग प्रशिक्षकों की भूमिका अहम है। उनके सतत प्रयासों से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों तक स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, आयुष पद्धति के प्रभावी उपयोग तथा योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण प्रदान किया गया।मौके पर सहायक समाहर्ता श्री ऋत्विक मेहता, आयुष के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) श्री एम.के. मेहता, जिला महामारी रोग विशेषज्ञ डॉ. अनूप कुमार, योग प्रशिक्षक श्री पवन गुप्ता सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रतिभागी उपस्थित थे।

Leave a Reply