हरिहरगंज (पलामू)
प्रखंड क्षेत्र के सुदूरवर्ती ढकचा व सलैया पंचायत को नौडीहा बाजार प्रखंड में शामिल करने की मांग को लेकर गुरुवार को ग्रामीणों ने बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी को आवेदन सौंपा। ग्रामीण आजसू जिला सचिव जितेंद्र विश्वकर्मा के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय पहुंचे थे।ग्रामीणों ने बताया कि दोनों पंचायतों में 12 गांव आते हैं और आबादी करीब 15 हजार है। प्रखंड मुख्यालय से 20-22 किमी दूरी होने से ब्लॉक व अंचल के कार्यों के लिए हरिहरगंज आने -जाने में काफी परेशानी होती है जबकि दोनों पंचायतों से नौडीहा बाजार प्रखंड नजदीक है। जितेंद्र विश्वकर्मा ने कहा कि यह मामला विधानसभा में भी उठ चुका है। नौडीहा में जुड़ने से ग्रामीणों को समय के बचत के साथ ही आर्थिक रूप से सहूलियत मिलेगी। इस संबंध में पूछे जाने पर बीडीओ ने कहा कि कुछ माह पूर्व ग्राम सभा में अधिकांश लोगों ने हरिहरगंज में ही रहने की बात कही थी । जिसकी रिपोर्ट उपायुक्त पलामू को भेजी गई थी। अब पुनः मांग आने पर तिथि तय कर फिर से ग्राम सभा कराई जाएगी। मौके पर आजसू प्रखंड अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह प्रखंड सचिव इरशाद आलम , आलोक कुमार सिंह, गणेश प्रसाद सिंह, धनंजय सिंह, राजेन्द्र सिंह, रंजीत सिंह, महेंद्र विश्वकर्मा, राधा देवी, श्यामदेव सिंह, त्रिपुरारी गुप्ता, कुंदन कुमार, सूर्यदेव सिंह रमेश यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

