हरिहरगंज में 50 किलो अखाद्य रंग वाली मिठाई नष्ट, तंबाकू बिक्री पर जुर्माना

खाद्य सुरक्षा विभाग का बाजार में जांच अभियान, विद्यालयों के आसपास कोटपा
के उल्लंघन पर दुकानदारों पर कार्रवाई

हरिहरगंज (पलामू )

आम लोगों को सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग, पलामू की टीम ने गुरुवार को हरिहरगंज मुख्य बाजार में जांच अभियान चलाया । खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, पलामू 1 लव कुमार गुप्ता के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान मिठाई दुकानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, रख-रखाव और भंडारण व्यवस्था की जांच की गयी. साथ ही विद्यालयों के आसपास तंबाकू नियंत्रण अधिनियम, 2003 के प्रावधानों के अनुपालन की भी जांच की गई । बस स्टैंड के समीप मुख्य बाजार स्थित बसंत बहार स्वीट्स, बिट्टू मिष्ठान भंडार, भैया लाल मिष्ठान भंडार, शालीमार स्वीट्स सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया । जांच के दौरान करीब 50 किलोग्राम अखाद्य रंग युक्त मिठाई पाए गए । टीम ने ऐसी मिठाइयों को मौके पर ही नियमानुसार नष्ट करा दिया । खाद्य कारोबारियों को मिठाइयों में सिर्फ अनुमन्य खाद्य रंग का निर्धारित मात्रा में ही इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया । साथ ही साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया । अभियान के दौरान बाजार क्षेत्र के आसपास स्थित विद्यालयों के परिसरों के निकट दुकानों की भी जांच की गई । कोटपा, 2003 के प्रावधानों का उल्लंघन कर तंबाकू एवं तंबाकू आधारित उत्पादों की बिक्री करने वाले दुकानदारों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया । वहीं दुकानदारों को विद्यालयों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई । खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि जनस्वास्थ्य की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की उपलब्धता तथा बच्चों व विद्यार्थियों को तंबाकू उत्पादों के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए क्षेत्र में जांच अभियान लगातार जारी रहेगा । नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित अधिनियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी । अभियान में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ललिता कुमारी, संजीव कुमार उपाध्याय, अभय शंकर थाना के एसआई आर कोटवार सहित पुलिस बल मौजूद थे ।

Leave a Reply