हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव से लड़की के लापता होने के मामले में पुलिस ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । लापता लड़की के परिजनों की शिकायत पर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के कचरा गांव निवासी प्रवेश राम के 25 वर्षीय पुत्र मुन्ना कुमार रवि को आरोपी बनाया गया है । पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि बुधवार को लड़की के लापता होने की सूचना मिली थी । इसके बाद आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है । पुलिस लड़की की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही है । परिजनों ने शिकायत में आरोप लगाया है कि युवक लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है । साथ ही घर से करीब 1.50 लाख रुपये के जेवर-आभूषण और 20 हजार रुपये नकद ले जाने का भी आरोप लगाया गया है । पुलिस मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कर रही है । थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस लड़की की तलाश के साथ आरोपी युवक के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है । पुलिस के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी ।

