लातेहार- कृष्ण जन्माष्टमी पर गूंजे जयकारे, मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

बारियातू (लातेहार)

बारियातू प्रखंड क्षेत्र में शनिवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर, विश्वकर्मा मंदिर सहित गाड़ी, डाढ़ा, फुलसू, बालूभांग, गोनिया, भाटचतरा, साल्वे, टोटी और अमरवाडी के मंदिर प्रांगण में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।
बारियातू स्थित श्रीराम मंदिर में पंडित जनार्दन पांडेय एवं मंदिर पुजारी पुरुषोत्तम शर्मा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कराई। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। जन्माष्टमी को लेकर बच्चों, महिलाओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया।
वहीं श्रीराम मंदिर परिसर में मटका फोड़ कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मटका फोड़ने के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। पूरे प्रखंड क्षेत्र में देर शाम तक जन्माष्टमी को लेकर धार्मिक कार्यक्रमों का दौर चलता रहा।

Leave a Reply