नेपाल‌: बाढ़ में बहकर आया बैंक लॉकर, मची लूट, लोगों ने निकाल लिए ₹92 लाख; 29 गिरफ्तार

काठमांडू (नेपाल)

नेपाल में भीषण बाढ़ और भूस्खलन ने भारी तबाही मचा रखी है। इस प्राकृतिक आपदा में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है और हजारों लोग अब भी लापता हैं। इसी बीच धादिंग जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने लोगों को हैरान कर दिया है। बाढ़ के तेज बहाव में एक बैंक का लॉकर बहकर कई किलोमीटर दूर पहुंच गया। लॉकर मिलने के बाद कथित तौर पर उसे तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालने की कोशिश की गई। इस मामले में पुलिस ने 29 लोगों को हिरासत में लिया है।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह बैंक लॉकर नेपाल के भोटेकोशी क्षेत्र में आई विनाशकारी बाढ़ के दौरान बह गया था। बाढ़ का पानी इसे बहाकर धादिंग जिले तक ले आया। बाद में लॉकर बेलखुखोला के आसपास बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की नजर जब इस लॉकर पर पड़ी तो कथित तौर पर कुछ लोगों ने उसे तोड़ने की कोशिश की और उसके भीतर रखी रकम निकाल ली।

पुलिस को जब इस घटना की सूचना मिली तो नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस बल की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया और उनके पास से बड़ी मात्रा में नकदी बरामद की।

नेपाल न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने हिरासत में लिए गए लोगों के पास से 92,68,505 नेपाली रुपये बरामद किए हैं। भारतीय मुद्रा में यह रकम करीब 57 लाख रुपये के बराबर बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों को उस समय पकड़ा गया जब वे क्षतिग्रस्त लॉकर से नकदी निकाल रहे थे।

Leave a Reply