हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालय निर्माण को लेकर जारी निविदा को रद्द कर नए सिरे से टेंडर प्रक्रिया अपनाने की मांग उठी है। इसे लेकर शुक्रवार को वार्ड पार्षदों ने सतगावां में बैठक कर टेंडर में स्थानीय बेरोजगारों एवं क्षेत्रीय लोगों को पर्याप्त अवसर नहीं दिए जाने का आरोप लगाया गया है। कहा कि निविदा प्रक्रिया में कुछ शर्तों से किसी विशेष निविदा दाता या एजेंसी को लाभ पहुंचाने की आशंका है। निविदा की विभिन्न शर्तों, विशेषकर कंडिका 01, 02, 03(ई), 05, 09 और 14 पर सवाल उठाए गए हैं। कहा गया है कि कुछ शर्तें ग्रामीण एवं अविकसित नगर पंचायत की परिस्थितियों के अनुरूप नहीं हैं। कहा कि हरिहरगंज नगर पंचायत क्षेत्र की जनता नियमित रूप से होल्डिंग टैक्स, सैरात शुल्क सहित विभिन्न राजस्व का भुगतान करती है । बावजूद क्षेत्रीय विकास की स्थिति संतोषजनक नहीं है। ऐसे में स्थानीय युवाओं को रोजगार से जोड़ना आवश्यक है। मामले में कार्यपालक पदाधिकारी,नगर विकास एवं आवास विभाग तथा उपायुक्त पलामू को ज्ञापन सौंपने की बात कही । बैठक में सांसद प्रतिनिधि राजीव रंजन,वार्ड पार्षद कृष्णा कुमार,बृजनंदन साव, अमरजीत कुमार यादव, पवन कुमार, रामजी पासवान, त्रिपुरारी राम, अवधेश कुमार मेहता वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शंभू सिंह, पवन पासवान,आबिद हुसैन उर्फ मुन्ना, महताब आलम ,आकाश कुमार
मौजूद थे।

