बरियातू- गाड़ी ग्राम से कांवरियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना

बारियातू (लातेहार)

बारियातू प्रखंड की सदर पंचायत बारियातू के गाड़ी ग्राम से कांवरियों का एक जत्था बाबा बैद्यनाथ, मां पार्वती और बाबा बासुकीनाथ के जलाभिषेक के लिए शुक्रवार को देवघर रवाना हुआ। रवाना होने से पूर्व कांवरियों ने गाड़ी देवी मंडप में माथा टेककर विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद सुरक्षित वाहन से देवघर के लिए प्रस्थान किया।
कांवरिया बम आशीष कुमार ने बताया कि सभी कांवरिया सुल्तानगंज पहुंचकर गंगा जल भरेंगे। वहां से पदयात्रा करते हुए बाबा बैद्यनाथ एवं मां पार्वती मंदिर में जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद बाबा बासुकीनाथ का दर्शन कर जलाभिषेक किया जाएगा।
कांवरियों के रवाना होने के दौरान पूरा गांव भक्तिमय माहौल में नजर आया। कांवरियों ने बोल बम के जयघोष के साथ अपनी यात्रा शुरू की। ग्रामीणों ने कांवरियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की।
कांवरियों ने कहा कि बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर वे क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना करेंगे।

Leave a Reply