हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना क्षेत्र में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार की देर शाम महादेवा ढाबा के समीप एनएच-98 पर खान निरीक्षक हरेंद्र गुप्ता के नेतृत्व में वाहन जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान बिना वैध चालान के स्टोन चिप्स लदे एक हाइवा जेएच 19 सी 7889 को जब्त किया गया। खान निरीक्षक ने वाहन चालक से स्टोन चिप्स के परिवहन से संबंधित आवश्यक कागजात एवं वैध चालान की मांग की । इस दौरान चालक कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका । कार्रवाई के बाद संबंधित वाहन को आवश्यक प्रक्रिया के लिए पुलिस की निगरानी में रखा गया है। खान निरीक्षक हरेंद्र गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र में अवैध रूप से पत्थर खनन करने तथा बिना वैध कागजात के खनिज पदार्थों का परिवहन करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध रूप से पत्थर खनन और परिवहन में संलिप्त कारोबारियों में हड़कंप है । जांच अभियान में एसआई संतोष कुमार, अजय कुमार सिंह समेत सशस्त्र बल शामिल थे।

