सतबरवा (पलामू)
सतबरवा थाना क्षेत्र के रजडेरवा में नेशनल हाईवे निर्माण साइट पर गुरुवार देर रात फायरिंग की घटना सामने आई है। आरोप है कि राहुल दुबे गिरोह से जुड़े लोगों ने निर्माण स्थल पर फायरिंग की, जिसमें दो मजदूर घायल हो गए।
घायल मजदूरों की पहचान अजय हांसदा और संजय हांसदा के रूप में हुई है। दोनों पश्चिम बंगाल के पुरुलिया के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि अजय के पैर में, जबकि संजय के पेट में गोली लगी है।
घटना की सूचना मिलते ही पलामू एसपी कपिल चौधरी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कराई। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे और राहुल दुबे गिरोह से जुड़ा एक पर्चा बरामद किया है।
पुलिस ने दोनों घायल मजदूरों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति सामान्य बताई गई। बेहतर इलाज के लिए दोनों को रिम्स रेफर किया गया है।
पुलिस फायरिंग की घटना के पीछे की वजह और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान में जुटी है।

