दुमका में महिला और बच्ची के शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका

झारखंड की उपराजधानी दुमका में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शहर के गांधी मैदान के पास झाड़ियों से एक महिला और उसकी मासूम बच्ची का शव बरामद किया गया। घटना सदर इंस्पेक्टर कार्यालय के पीछे सुनसान इलाके की बताई जा रही है। सुबह टहलने निकले कुछ लोगों ने झाड़ियों में शव देखे, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।

मृत महिला और बच्ची की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

सदर एसडीपीओ ने मौके पर पहुंचकर जांच का जायजा लिया और कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply