लातेहार (झारखंड)
भारत की जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB-2027) तैयार करने के उद्देश्य से आज उपायुक्त श्री संदीप कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित उप विकास आयुक्त के सभागार में जिले के क्षेत्रीय कर्मियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उपायुक्त द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण में उपस्थित सभी क्षेत्रीय कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना देश की सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना-2027 के सफल एवं सटीक क्रियान्वयन में क्षेत्रीय कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कर्मियों से प्रशिक्षण के दौरान बताए जा रहे प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं को गंभीरता से समझने तथा क्षेत्र में कार्य करते समय निर्धारित दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उपायुक्त ने कहा कि DCHB-2027 के लिए आंकड़ों का संकलन एवं सत्यापन पूरी सावधानी, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किया जाना आवश्यक है, ताकि तैयार होने वाली जिला जनगणना हस्तपुस्तिका विश्वसनीय एवं त्रुटिरहित हो।
प्रशिक्षण के दौरान जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने से संबंधित कार्यों, आवश्यक सूचनाओं के संकलन, अभिलेखों के सत्यापन तथा निर्धारित प्रपत्रों में सही एवं सटीक जानकारी दर्ज करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षकों द्वारा कर्मियों को जनगणना कार्य की महत्ता, कार्यप्रणाली एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, क्षेत्र भ्रमण के दौरान आने वाली संभावित कठिनाइयों एवं उनके समाधान के संबंध में भी आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य क्षेत्रीय कर्मियों को जनगणना-2027 से संबंधित कार्यों के लिए दक्ष एवं सक्षम बनाना तथा जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणिक आंकड़ों का संकलन सुनिश्चित करना है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में लातेहार एवं चंदवा तथा नगर पंचायत लातेहार क्षेत्र के क्षेत्रीय कर्मियों, जिनमें जनसेवक, राजस्व उप निरीक्षक एवं पंचायत सचिव शामिल हैं, ने भाग लिया।
*मौके पर जिला योजना पदाधिकारी श्री समीर कुल्लू, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी श्री ओमेंद्र कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी लातेहार श्री मनोज कुमार तिवारी, जनगणना कार्य निदेशालय झारखंड रांची से प्रशिक्षक , संबंधित विभागों के पदाधिकारी, लातेहार एवं चंदवा तथा नगर पंचायत लातेहार क्षेत्र के क्षेत्रीय कर्मियों, जनसेवक, राजस्व उप निरीक्षक एवं पंचायत सचिव उपस्थित थे।

