लातेहार- रक्षा बंधन पर पुलिस अधिकारियों को बांधी राखी

बारियातू (लातेहार)

प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, बारियातू शाखा की ओर से बुधवार को थाना परिसर में रक्षा बंधन पर्व मनाया गया। इस दौरान गुड़िया बहन ने थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास एवं एएसआई छोटू पंडा को तिलक लगाकर कलाई पर राखी बांधी। इसके बाद एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर ईश्वरीय संदेश भेंट किया गया और रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दी गईं।
मौके पर गुड़िया बहन ने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, पवित्रता, मर्यादा और आत्मिक संबंध का प्रतीक भी है। मनुष्य जब ईश्वर के प्रेम और मर्यादाओं के बंधन में बंधता है, तो उसके जीवन से अनेक विकार एवं बुराइयां दूर होने लगती हैं। ईश्वरीय ज्ञान एवं सकारात्मक विचारों को अपनाकर जीवन को बेहतर बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि रक्षा सूत्र भाई-बहन के बीच विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है। समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम, शांति और सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। रक्षा बंधन के माध्यम से लोगों को बुराइयों का त्याग कर अच्छे संस्कार एवं मानवीय मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया जा रहा है।
इस अवसर पर विवेक चंद्रेश भाई, रमेश भाई, अरविंद भाई, कंचन बहन समेत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Reply