हरिहरगंज (पलामू)
राजकीयकृत सीता प्लस टू उच्च विद्यालय, हरिहरगंज में इंटरमीडिएट सत्र 2026-28 में नामांकन की प्रक्रिया 25 जून से शुरू होगी । इसे लेकर विद्यालय में नामांकन समिति की बैठक आयोजित कर आवश्यक निर्णय लिये गये । वहीं, नामांकन एवं दक्षता परीक्षा के सफल संचालन के लिए विषयवार समितियों का गठन किया गया है । विद्यालय प्रशासन के अनुसार कला, विज्ञान एवं वाणिज्य तीनों संकायों के लिए नामांकन प्रपत्र 25 जून से कार्यालय समय में उपलब्ध होंगे । विज्ञान संकाय में सामान्य वर्ग के लिए 80 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस 78 प्रतिशत, बीसी-2 के लिए 77 प्रतिशत, बीसी-1 के लिए 75 प्रतिशत तथा एससी-एसटी वर्ग के लिए 70 प्रतिशत अंक कटऑफ निर्धारित किया गया है । वहीं कला संकाय में सामान्य वर्ग के लिए 65 प्रतिशत, ईडब्ल्यूएस 63 प्रतिशत, बीसी-2 के लिए 62 प्रतिशत, बीसी-1 के लिए 60 प्रतिशत एवं एससी-एसटी वर्ग के लिए 57 प्रतिशत कटऑफ तय किया गया है । वाणिज्य संकाय में सभी वर्गों के विद्यार्थियों का सीधा नामांकन लिया जाएगा । विद्यालय प्रशासन ने बताया कि आरक्षण का लाभ लेने के लिए जाति प्रमाण-पत्र जमा करना अनिवार्य होगा । प्रखंड से बाहर के विद्यार्थियों को स्थानीय निवास प्रमाण- पत्र तथा जैक बोर्ड के अलावा अन्य बोर्ड से उत्तीर्ण छात्रों को माइग्रेशन प्रमाण- पत्र देना होगा । प्राचार्य डॉ. अजय प्रसाद राय व शिक्षक डॉ. ओरेन्द्र कुमार यादव को नामांकन प्रभारी बनाया है ।नामांकन प्रक्रिया की निगरानी डॉ. नागदेव यादव एवं डॉ. ओरेन्द्र कुमार यादव करेंगे । प्राचार्य ने छात्र-छात्राओं से समय पर नामांकन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है ।

