बेतला और पोखरी कला में सड़क मार्ग का अंचलाधिकारी लवकेश सिंह और एसडीपीओ विरेन्द्र राम ने किया निरीक्षण
आपसी सौहार्द के साथ पर्व मनाने के लिए लोगों से मिलकर किया अपील
मेदिनीनगर (पलामू)
बरवाडीह प्रखंड क्षेत्र में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बरवाडीह के अंचलाधिकारी लवकेश सिंह तथा एसडीपीओ विरेन्द्र राम ने शनिवार को बेतला और पोखरी कला क्षेत्र का दौरा कर सड़क मार्गों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मुहर्रम जुलूस के संभावित मार्गों का जायजा लिया और यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने देखा कि कुछ स्थानों पर सड़क किनारे एवं मार्गों पर बालू, छरी और ईंट रखे हुए हैं, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न हो सकती है। इसे गंभीरता से लेते हुए अंचलाधिकारी और एसडीपीओ ने संबंधित लोगों को तत्काल सड़क से निर्माण सामग्री हटाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक मार्गों को पूरी तरह अवरोधमुक्त रखना आवश्यक है ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
अधिकारियों ने क्षेत्र में भ्रमण कर स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारा, शांति और सौहार्द बनाए रखते हुए मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहार सामाजिक एकता और सद्भाव का प्रतीक होते हैं तथा सभी की जिम्मेदारी है कि इन्हें शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने लोगों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को देने की अपील की।

