बारियातू (लातेहार)
बारियातू थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में सावन पूर्णिमा के शुभ अवसर पर रुद्राभिषेक एवं भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में थाना परिसर के पुलिसकर्मियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पंडित जनार्दन पांडेय ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संपन्न कराया। मुख्य यजमान के रूप में थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, एएसआई छोटू पांडा, जितेंद्र कुमार, अनुप कुमार, समाजसेवी संजय सिंह एवं अमित कुमार ने पूजा-अर्चना में भाग लिया। इस दौरान भगवान शिव का विधिवत पूजन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की गई।
रुद्राभिषेक के बाद मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालु भक्तिमय वातावरण में भगवान शिव की आराधना करते नजर आए। कार्यक्रम के अंत में हवन-यज्ञ का आयोजन कर विधिवत पूजा का समापन किया गया। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को लेकर थाना परिसर में पूरे दिन भक्तिमय माहौल बना रहा। कार्यक्रम में काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

