हरिहरगंज (पलामू )
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सेमरवार पंचायत अंतर्गत रजवार गांव निवासी 30 वर्षीय प्रतिमा देवी की बुधवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो जाने से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतका के पति सत्येंद्र भुईयां चेन्नई में मजदूरी का काम करता है। मृतका का शव पहुंचते ही गांव में मातम छा गया। घटना को लेकर पंचायत के मुखिया जितेंद्र पासवान ने बताया कि प्रतिमा देवी सहित 10 महिलाओं के समूह को 40 हजार रुपये का लोन देने के लिए एक प्राइवेट फाइनेंस बैंक द्वारा आधार कार्ड समेत अन्य दस्तावेज लिए गए थे। बाद में प्रतिमा देवी के नाम पर लोन स्वीकृत होने की बात बताई गई थी। लेकिन उसे राशि प्राप्त नहीं हुई। सूचना के बाद पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार मुखिया जितेंद्र पासवान मृतका के घर पहुंचकर स्वजनों को ढाढ़स बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि एक फाइनेंस कर्मी के साथ महिला लोन से संबंधित जानकारी लेने के लिए बाइक से छतरपुर जा रही थी। तभी रास्ते में बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में प्रतिमा देवी को गंभीर चोटें आई। घायलावस्था में उसे अनुमंडलीय अस्पताल छतरपुर तथा बाद में मेदिनीनगर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

