हरिहरगंज ( पलामू )
हरिहरगंज थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करते हुए साढ़े चार साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है । पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर हरिहरगंज निवासी पड़ोसी विद्या साव (68) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बताया जाता है कि आरोपी बीते 30 अप्रैल को पीड़िता को बहला फुसलाकर अपने घर ले जाकर दुष्कर्म किया था । जिससे बच्ची को शारीरिक आंतरिक पीड़ा भी है । आरोपी पुनः गुरुवार को चॉकलेट का लालच देकर बच्ची को अपने घर में ले जाना चाह रहा था । तभी डरी- सहमी बच्ची भयभीत होकर अपने मां के पास भाग गई । बाद में पीड़िता की मां ने आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दिया । इससे आक्रोशित होकर मुहल्ले के लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को तत्काल सूचना दी । पुलिस ने त्वरित करवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर थाना ले आई । उधर घटना से आक्रोशित लोगों ने सिनेमा मोड़ के समीप एनएच 98 को कुछ देर के लिए जाम कर दिया । बाद में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने लोगों को समझा -बूझाकर सड़क पर आवागमन बहाल कराया । इस संबंध में मामले की जांच -पड़ताल करने पहुंचे छतरपुर एसडीपीओ अवध कुमार यादव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है । वहीं आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है ।

