हरिहरगंज ( पलामू )
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के सरसोत गांव से अवैध हथियार रखने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर दो अलग-अलग स्थानों से दो देसी कट्टा बरामद किया है । मामले की जानकारी छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी । एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सरसोत गांव का एक युवक अवैध देसी कट्टा अपने पास रखे हुए है । सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया । टीम ने कार्रवाई करते हुए सरसोत गांव निवासी उपेंद्र साव के पुत्र अभय कुमार उर्फ अभय राज उर्फ लड्डू (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया । पूछताछ के दौरान युवक की निशानदेही पर दो अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखे गये दो अवैध देशी कट्टा बरामद किये गये । बरामदगी के बाद पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया । इस संबंध में हरिहरगंज थाना में कांड संख्या 105/2026 दर्ज किया गया है । मामले में गिरफ्तार युवक एवं एक अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-बी)ए एवं 26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है । गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में मेदिनीनगर जेल भेज दिया गया । छापेमारी दल में एसआइ कुमार सौरभ, अविनाश कुमार, पथरा पिकेट प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह, हवलदार हेमंत भेंगरा, लालबाबू यादव, अशोक यादव, रमेश उरांव, प्रीतम कुमार जायसवाल, गणेश साह, चालक आरक्षी सुधीर प्रकाश तथा सहायक पुलिस राजेंद्र यादव शामिल थे ।

