हरिहरगंज (पलामू)
हरिहरगंज थाना क्षेत्र के कूलहिया पंचायत अंतर्गत कोठिला गांव निवासी बीएसएफ जवान रूपेश कुमार यादव के पिता जगदेव यादव (55 वर्ष) की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना गुरुवार की देर शाम गांव के समीप नहर रोड पर हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार जगदेव यादव नहर के पास बैठे थे । तभी तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से उन्हें स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया । जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी कर शव को अंत्यपरीक्षण के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद भेज दिया गया। वहीं पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में प्रयुक्त बाइक चालक जगदीशपुर गांव निवासी दिलकेश्वर कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है । घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को शव गांव लाया गया । जहां बतरे नदी स्थित श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया।

