हरिहरगंज (पलामू)
न्यायालय के निर्देश पर शुक्रवार को हरिहरगंज अंचल क्षेत्र के खड़गपुर पंचायत अंतर्गत भांवर गांव में आम गैरमजरुआ भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 40×42 फीट में बने अवैध मकान को प्रशासन ने जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। वरीय प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर अंचल अधिकारी मनीष कुमार सिन्हा के नेतृत्व में टीम पथरा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह एवं पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। अंचलाधिकारी मनीष कुमार सिन्हा ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश के आलोक में यह कार्रवाई की गई है।सरकारी गैर मजरूआ भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।आगे भी ऐसे मामलों में शक्ति से करवाई की जाएगी। इस अभियान में अंचल निरीक्षक नंदलाल कुमार, अंचल अमीन प्रतीक कुमार, राजस्व कर्मचारी धर्मराज मिश्रा, प्रगति प्रकाश सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।

