हरिहरगंज (पलामू)
पिपरा आजीविका महिला संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के जेंडर रिसोर्स सेंटर ‘गरिमा केंद्र’ का सोमवार को उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएलएफ अध्यक्ष कविता देवी ने की। उद्घाटन पंचायत समिति सदस्य फूल कली देवी ने फीता काटकर व नारियल फोड़कर किया। कार्यक्रम में डीएम प्रवीण कुमार सिंह, बीपीएम मुकेश कुमार, सीएसओ प्रतिनिधि, पीएनबी शाखा प्रबंधक, बीएमएमयू स्टाफ, सीएलएफ की सामाजिक सुधार उप समिति के सदस्य, जीसीआरपी तथा बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित थीं। इस दौरान जीसीआरपी द्वारा कोर क्रियान्वयन टीम, प्रशासनिक समिति एवं सलाहकार समिति के गठन और उनकी भूमिका की जानकारी दी गई। गरिमा केंद्र के माध्यम से हिंसा से पीड़ित महिलाओं व किशोरियों को केस पंजीकरण, रेफरल सुविधा, हक-अधिकार से संबंधित योजनाओं की जानकारी, मनोवैज्ञानिक परामर्श, समस्याओं के निराकरण और फॉलोअप की सुविधा प्रदान की जाएगी। साथ ही टेलीमेडिसिन तथा अल्पकालीन रहने की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक ने जेंडर एवं लिंग आधारित हिंसा तथा लैंगिक समानता के विषय में जानकारी साझा की। उन्होंने प्रखंड में जेंडर आधारित हिंसा के खिलाफ चलाए गए अभियान और अब तक मिले सफल मामलों का भी संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। जीसीआरपी द्वारा बताया गया कि गरिमा केंद्र के सफल संचालन के लिए सीएलएफ, वीओ और एसएचजी सदस्यों को 17 जेंडर मॉड्यूल का प्रशिक्षण दिया गया है। अंत में सामुदायिक संगठनकर्ता सत्येंद्र कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

