तोलरा में चोरों का कहर: एक ही रात तीन घरों को बनाया निशाना, पुलिस जांच में जुटी

विश्रामपुर (पलामू)

रेहला थाना क्षेत्र के तोलरा गांव में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार की रात चोरों ने एक ही रात में तीन घरों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत फैला दी। इस घटना में दो घरों से नकद और जेवरात सहित लाखों रुपये की संपत्ति चोरी हो गई, जबकि एक घर में चोरी का प्रयास किया गया।
संवेदक सूर्यकांत तिवारी के घर में घुसकर चोरों ने 71 हजार रुपये नकद, सोने की चेन सहित अन्य कीमती जेवरात और महंगे सामान पर हाथ साफ कर दिया। वहीं एएसआई अनिल तिवारी के घर से 11 हजार रुपये नकद सहित लगभग एक लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात, कपड़े और अन्य सामान चोरी कर लिए गए।
चोरों ने तोलरा पंचायत के मुखिया रोहित तिवारी के घर को भी निशाना बनाने की कोशिश की। चोरों ने घर का ताला तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहने पर खिड़की को क्षतिग्रस्त कर अंदर घुसने की कोशिश की। हालांकि किसी आहट के कारण चोर वहां से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेहला थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवारों से जानकारी लेकर जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और चोरों की पहचान के लिए पुलिस सुराग जुटा रही है।
थाना प्रभारी गुलशन बिरुआ ने कहा कि चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। संदिग्ध लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से तोलरा गांव के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Leave a Reply