हरिहरगंज ( पलामू )
जिले के हरिहरगंज नगर पंचायत चुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन कोई भी उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है। जबकि इस दिन वार्ड पार्षद पदों के लिए कुल 43 उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र खरीदा है। इसमें वार्ड नंबर 1 से वार्ड नंबर 16 शामिल है। यह जानकारी अध्यक्ष पद के लिए निर्वाची पदाधिकारी विजय केरकेट्टा, वार्ड पार्षद के लिए निर्वाची पदाधिकारी सीओ मनीष कुमार सिन्हा और बीडीओ पारितोष प्रियदर्शी ने दी। बता दें कि नगर निकाय चुनाव को लेकर अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पदों के उम्मीदवारों ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। जबकि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संबंधित अधिकारियों के द्वारा नामांकन पत्र खरीदने और नाम दाखिला को लेकर समुचित प्रबंध किया गया है। वहीं इसे लेकर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से पुलिस बल की तैनाती भी की गई है।

