कहा कि असफलताएं आती है तभी सफलता भी आती है
मेदिनीनगर (पलामू)
शनिवार को चियांकी स्थित सेक्रेड हार्ट स्कूल में पलामू की पुलिस अधीक्षक रिश्मा रमेशन ने विद्यार्थियों के साथ सफलता के रहस्य साझा किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि कैसे जीवन में सफल हुआ जा सकता है। इससे पहले विद्यालय की प्राचार्या सिस्टर वीनीफ्रेड तथा उप प्राचार्या सिस्टर वलसा ने एसपी का स्वागत किया। शिक्षिका अर्पिता दासगुप्ता ने मुख्य अतिथि का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत किया। दसवीं कक्षा के विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए एसपी ने उन्हें जीवन से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में आने वाली कठिनाइयाँ और परेशानियाँ सफलता की राह का एक अभिन्न हिस्सा होती हैं। उनसे घबराने के बजाय साहस, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ उनका सामना करना चाहिए। जीवन के रास्ते में जीत हासिल करने के लिए जुनून चाहिए।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन रोजमर्रा के जीवन का एक जरूरी वस्तु है पर विद्यार्थियों को इसके अत्यधिक उपयोग से दूर रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोबाइल का सीमित और सही उपयोग ही लाभकारी होता है, जबकि उसका अधिक प्रयोग समय, एकाग्रता तथा स्वास्थ्य तीनों के लिए हानिकारक होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेल, योग एवं रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

