नवी मुंबई के युवक की सूचना व पलामू पुलिस की तत्परता से मिला सफलता
हरिहरगंज (पलामू)
मुंबई के एक युवक की मानवीय पहल और पलामू पुलिस की तत्परता से लापता दिव्यांग युवक को 31 दिनों के बाद सकुशल बरामद कर लिया गया है। दिव्यांग युवक पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत डेमा गांव का निवासी है, जो 21 दिसंबर 2025 को मुंबई में लापता हो गया था। दिव्यांग युवक अपने भाई के पास मुंबई गया हुआ था, जहां से वह अचानक लापता हो गया। स्वजनों ने इसकी सूचना पलामू पुलिस को नहीं दी थी और वे मुंबई में अपने स्तर से युवक की खोजबीन कर रहे थे। इस बीच 20 जनवरी को नवी मुंबई निवासी करण जोशी ने हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार को फोन कर जानकारी दी कि उनके पास एक दिव्यांग युवक है, जो अपना पता झारखंड के पलामू जिले के हरिहरगंज क्षेत्र का बता रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने युवक का फोटो और वीडियो मंगवाया तथा हरिहरगंज थाना क्षेत्र में उसकी पहचान की प्रक्रिया शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को पुष्टि हुई कि दिव्यांग युवक डेमा गांव का रहने वाला है। इसके बाद पुलिस ने स्वजनों को इसकी सूचना दी। स्वजनों की सहमति के बाद नवी मुंबई से दिव्यांग युवक को सकुशल रिकवर कर लिया गया। हरिहरगंज थाना प्रभारी देवव्रत पोद्दार ने बताया कि युवक का एक भाई मुंबई में रहता है और वह उसी के पास गया हुआ था। इसी दौरान वह भटककर लापता हो गया। मुंबई से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को बरामद कर लिया। इस सफल कार्रवाई से स्वजनों ने राहत की सांस ली है और पलामू पुलिस की तत्परता की सराहना की है।

