सिंगरा बजरहा रेल ओवरब्रिज सात साल से तैयार, अप्रोच सड़क नहीं बनने से बेकारमेदिनीनगर (पलामू)पलामू जिले के बजरहा गांव के समीप डालटनगंज–राजहरा रेलवे लाइन पर बना रेल ओवरब्रिज (आरओबी) पिछले सात वर्षों से पूरी तरह तैयार है, लेकिन आज तक अप्रोच सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण इसका कोई उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस कारण क्षेत्र के लोगों में भारी आक्रोश है।विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अप्रोच सड़क निर्माण का टेंडर जून 2024 में हो चुका है और संबंधित ठेकेदार के साथ समझौता (एग्रीमेंट) भी किया जा चुका है। इसके बावजूद ग्रामीण कार्य विभाग (आरसीडी) की लापरवाही के कारण अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है।सूत्रों के मुताबिक विभाग अब तक यह तय नहीं कर पाया है कि किस मद से भुगतान किया जाएगा, जिससे फाइलें अटकी हुई हैं। बताया जाता है कि ठेकेदार पिछले एक वर्ष से निर्माण स्थल पर कैंप लगाकर बैठा है और कुछ प्रारंभिक कार्य भी किया गया है, लेकिन मुख्य निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है।जानकारी के अनुसार यह योजना केंद्रीय सड़क निधि (सीआरएफ) के अंतर्गत स्वीकृत है, जो केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इस परियोजना का उद्देश्य डालटनगंज से राजहरा रेलवे मार्ग पर बजरहा गांव के पास आवागमन को सुगम बनाना था।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अप्रोच सड़क का निर्माण हो जाए तो यह रेल ओवरब्रिज हजारों लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगा। लेकिन विभागीय उदासीनता के कारण करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद पुल बेकार पड़ा है।अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि आरसीडी विभाग कब निरीक्षण कर निर्माण कार्य शुरू कराता है, ताकि वर्षों से उपेक्षित यह पुल जनता के काम आ सके।